युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान : कोंडागांव
05 जुलाई 2026

रक्षित केन्द्र में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 110 अभ्यर्थियों को विधायक सुश्री लता उसेंडी ने वितरित किए ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज*युवा प्रतिभाओं को पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनके मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षित केन्द्र, कोण्डागांव में निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दिशा एकेडमी के 110 अभ्यर्थियों को आज विधायक सुश्री लता उसेंडी द्वारा ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज वितरित किए गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज जैन, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा, जिला खेल अधिकारी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने पर वे पुलिस, सेना तथा अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर अपने परिवार, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कहा कि कोण्डागांव पुलिस द्वारा युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं के लिए बेहतर वातावरण एवं निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि अधिक से अधिक युवा पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान सभी 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने इस सहयोग के लिए विधायक, जिला प्रशासन एवं कोण्डागांव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूरी लगन एवं मेहनत से प्रशिक्षण लेकर भर्ती परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने का संकल्प लिया।
कोण्डागांव पुलिस द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं रोजगारोन्मुखी प्रयासों के लिए निरंतर इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे जिले के अधिकाधिक युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल सके।
